जिले के बारसोई प्रखंड की बेलवाड़ांगी पंचायत अंतर्गत मकनपुर गांव में विवाहिता सीरत परवीन की संदिग्ध मौत एवं कथित दहेज हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। जांच के क्रम में पुलिस ने मृतका के पति मनोवर हुसैन और ससुर मोहम्मद हैदर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, सीरत परवीन की शादी कुछ समय पहले ही मकनपुर गांव में हुई थी। मृतका के भाई मोहम्मद रकीब उर्फ गुड्डू ने आरोप लगाया है कि शादी के समय दहेज की मांग पूरी कर दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद उनकी बहन को लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता रहा।
परिजनों का कहना है कि इस विवाद को लेकर गांव में पंचायत भी हुई थी, जिसमें दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था। इसके बावजूद कथित रूप से प्रताड़ना जारी रही। मृतका के भाई का आरोप है कि उनकी बहन की हत्या करने के बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया।
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और साक्ष्यों के आधार पर पति मनोवर हुसैन तथा ससुर मोहम्मद हैदर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment