**पूर्णिया, 14 अगस्त 2026।** जिला भाजपा कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम में पूर्णिया विधायक विजय खेमका ने भारत विभाजन की त्रासदी में जान गंवाने वाले लाखों निर्दोष भारतीयों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया।
इस मौके पर विधायक विजय खेमका ने कहा कि विभाजन विभीषिका देश के इतिहास का ऐसा दुखद अध्याय है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन कांग्रेस नेतृत्व की तुष्टिकरण और राजनीतिक स्वार्थ की नीतियों ने देश के विभाजन का रास्ता तैयार किया। उन्होंने कहा कि नेहरू और मुस्लिम लीग के नेता मोहम्मद अली जिन्ना की सत्ता की महत्वाकांक्षा के कारण धर्म आधारित अलगाववादी राजनीति को बढ़ावा मिला, जिसका परिणाम लाखों लोगों के विस्थापन, हिंसा और अपार पीड़ा के रूप में सामने आया।
विधायक ने कहा कि विभाजन के दौरान लाखों लोगों की जान गई और करीब डेढ़ करोड़ लोग बेघर हुए। बड़ी संख्या में महिलाओं और बच्चों को भी अमानवीय परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विभाजन की त्रासदी से देश की भावी पीढ़ियों को अवगत कराने और इतिहास से सीख लेने के उद्देश्य से विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाने की शुरुआत की है।
खेमका ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर परिवारवाद तथा तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि समाज को जाति, धर्म और क्षेत्र के आधार पर बांटने तथा राजनीतिक लाभ के लिए भ्रम और असंतोष का वातावरण तैयार करना देश के लिए चिंताजनक है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से राष्ट्रहित, सामाजिक समरसता, एकता और अखंडता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जनता के बीच तथ्य रखने का आह्वान किया।
### महबूब खां टोला से बाबू वीर कुंवर सिंह स्मारक तक निकली तिरंगा यात्रा
कार्यक्रम के बाद ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भाजपा नगर मध्य मंडल की ओर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा महबूब खां टोला स्थित मां काली मंदिर से शुरू होकर बाबू वीर कुंवर सिंह स्मारक तक पहुंची। विधायक विजय खेमका कार्यकर्ताओं और आमजनों के साथ तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान देशभक्ति के नारों और हाथों में तिरंगा लिए बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व आम लोग नजर आए।
Post a Comment