Top News

धान के खेत से लापता किशोर का शव बरामद, हत्या की आशंका


फलका थाना क्षेत्र के सोहथा उत्तरी पंचायत अंतर्गत गोपालपट्टी गांव में शुक्रवार को 17 वर्षीय किशोर का शव धान के खेत से बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गोपालपट्टी निवासी गोलू कुमार के रूप में हुई है, जो 6 अगस्त से लापता था।

जानकारी के अनुसार, गोलू कुमार 6 अगस्त की सुबह ई-रिक्शा लेकर घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटा। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसी दौरान बभनी-मगनपट्टी ग्रामीण सड़क किनारे उसका ई-रिक्शा लावारिस हालत में मिला था। घटनास्थल के पास उसकी चप्पल भी बरामद हुई थी। इसके बाद परिजनों ने फलका थाना में आवेदन देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी।

शुक्रवार सुबह बभनी-दौदा बहियार स्थित धान के खेत में ग्रामीणों ने पानी में एक शव देखा। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उसकी पहचान गोलू कुमार के रूप में की। बताया जाता है कि शव के हाथ-पैर बंधे हुए थे तथा शरीर पर चोट के निशान भी थे, जिससे हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है।

सूचना मिलते ही कोढ़ा सर्किल इंस्पेक्टर साजिद आलम एवं फलका थानाध्यक्ष प्रहलाद कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए तथा फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया।

परिजनों ने अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। थानाध्यक्ष प्रहलाद कुमार यादव ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। परिजनों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post