कोढ़ा। नगर पंचायत कोढ़ा स्थित मधु विवाह भवन के सभागार में सोमवार को जलवायु परिवर्तन के बढ़ते प्रभाव और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जलवायु समर्थ शहरीकरण अभियान के तहत समिति का गठन किया गया। बैठक की अध्यक्षता मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह ने की।
बैठक में स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त शहर बनाने, हरित क्षेत्र का विस्तार, जल संरक्षण और भविष्य की पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान मुख्य पार्षद सहित वार्ड पार्षदों ने अपने सुझाव भी दिए।
बैठक में सड़क किनारे व सार्वजनिक स्थलों पर पौधरोपण, वर्षा जल संचयन, प्लास्टिक के अनियंत्रित उपयोग पर रोक, कचरा पृथक्करण एवं उचित निस्तारण, स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने तथा पर्यावरण जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया।
मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह ने कहा कि जलवायु संरक्षण केवल सरकार या नगर निकाय की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। बढ़ता तापमान, अनियमित बारिश, जलजमाव और घटता हरित क्षेत्र गंभीर चुनौती हैं। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में हरित एवं स्वच्छ वातावरण विकसित करने और जल स्रोतों के संरक्षण को प्राथमिकता दी जाएगी।
बैठक में पार्षद अमित कुमार मंडल, मुल्जिम हुसैन, मणिक लाल बड़ायक, विकास कुमार, महताब आलम व नौसाद आलम सहित सेवा संस्था से पूनम कुमारी, अंजली कुमारी, संदीप कुमार, मोहित कुमार, हसन, झुंझुन कुमारी, रंजू बेन, अंजना बेन, बिपिन कुमार एवं अन्य मौजूद रहे।
Post a Comment