Top News

महानंदा नदी में डूबे छात्र का शव बरामद, परिजनों में मचा कोहराम


महानंदा नदी में स्नान करने के दौरान मंगलवार को डूबे 16 वर्षीय छात्र अब्दुल हादी का शव बुधवार सुबह घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना पर नदी किनारे लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया।

जानकारी के अनुसार खगड़ा कर्बला वार्ड संख्या 32 निवासी नफीस अख्तर का पुत्र अब्दुल हादी शहर के बेथल मिशन स्कूल में आठवीं कक्षा का छात्र था। मंगलवार दोपहर वह दोस्तों विश्वजीत कुमार, अनुपम कुमार और जीके पासवान के साथ घूमने की बात कहकर चकला एएमयू सेंटर के पास पहुंचा था। वहां चारों दोस्त महानंदा नदी में स्नान करने लगे। इसी दौरान अब्दुल हादी गहरे पानी में चला गया और डूबकर लापता हो गया।

साथियों के शोर मचाने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और छात्र की तलाश शुरू की। सूचना मिलने पर प्रशासनिक टीम एसडीआरएफ के साथ नदी में तलाशी अभियान में जुट गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में शुभचिंतक भी नदी किनारे पहुंच गए। छात्र के लापता होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।

बुधवार सुबह नदी किनारे गए लोगों की नजर पानी में शव पर पड़ी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। प्रथमदृष्टया डूबने से मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। छात्र की मौत से इलाके में मातम पसरा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post