उत्क्रमित मध्य विद्यालय मीरगंज में शिक्षक द्वारा आठवीं कक्षा के छात्र के साथ कथित रूप से मारपीट करने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर छात्र की मां सह विद्यालय शिक्षा समिति की अध्यक्ष वीणा देवी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को आवेदन देकर जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन में वीणा देवी ने बताया कि आठ अगस्त को विद्यालय में खेलकूद के दौरान बच्चों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद शिक्षक सिराजूल उर्फ इकबाल के पुत्र ने अपने पिता से शिकायत की। आरोप है कि शिक्षक ने प्रधानाध्यापक को सूचना देने के बजाय उनके पुत्र आशीष कुमार, जो कक्षा आठ का छात्र है, के साथ बेरहमी से मारपीट की।
वीणा देवी ने आरोप लगाया कि इससे पहले भी उक्त शिक्षक उनके पुत्र के साथ मारपीट कर चुके हैं। उस समय ग्रामीणों के हस्तक्षेप से मामला शांत कराया गया था। उन्होंने कहा कि विद्यालय शिक्षा समिति की अध्यक्ष होने के नाते स्कूल की व्यवस्था देखने जाने पर भी शिक्षक द्वारा उनके साथ दुर्व्यवहार किया जाता है।
आवेदन में विद्यालय में विवाद की स्थिति में शिक्षक के ससुराल पक्ष के लोगों के पहुंचकर हंगामा करने का भी आरोप लगाया गया है। इससे विद्यालय में पठन-पाठन प्रभावित होने की बात कही गई है।
मामले में वीणा देवी ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा पदाधिकारी से जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
डीईओ संजय कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment