भाकपा की राष्ट्रव्यापी पदयात्रा के छठे दिन मंगलवार को मुरलीगंज प्रखंड के पोखराम से पदयात्रा शुरू हुई, जो नवटोलिया, बेलो होते हुए चामगढ़ पहुंची। पदयात्रा का नेतृत्व भाकपा के राष्ट्रीय परिषद सदस्य प्रमोद प्रभाकर, अंचल मंत्री रमेश कुमार शर्मा एवं सहायक अंचल मंत्री मोहम्मद सिराज ने किया।
इस मौके पर प्रमोद प्रभाकर ने कहा कि डबल इंजन सरकार के कार्यकाल में ग्रामीण क्षेत्रों में विकास नजर नहीं आ रहा है। नल-जल, नली-गली सहित विकास एवं गरीबी उन्मूलन योजनाएं कथित तौर पर अनियमितता की भेंट चढ़ रही हैं। बड़ी संख्या में लोग भूमिहीन और बेघर हैं तथा रोजगार के लिए दूसरे प्रदेशों में पलायन करने को मजबूर हैं।
उन्होंने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी से आम जनता परेशान है। मौजूदा परिस्थितियों से निजात पाने के लिए बदलाव जरूरी है। उन्होंने बताया कि एक सितंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में भाकपा की रैली आयोजित होगी।
वरीय नेता अनिल भारती ने छात्र आंदोलनों पर कार्रवाई को लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ बताया। वहीं रमेश कुमार शर्मा एवं मोहम्मद सिराज ने महंगाई, बेरोजगारी, अपराध और भ्रष्टाचार को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता मालिक है और पार्टी जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रखेगी।
पदयात्रा में रौशन यादव, विजय यादव, मोहम्मद अरमान अली, मोहम्मद कलाम, मुस्ताक, रूपेश कुमार, संजय यादव, मोहम्मद आसीन, मोहम्मद सद्दाम, जमाल, नीतीश कुमार सहित दर्जनों कार्यकर्ता शामिल थे।
Post a Comment