मोहम्मद हुसैन आजाद नेशनल डिग्री कॉलेज, ठाकुरगंज में कथित भ्रष्टाचार, अनियमितताओं और अवैध वसूली के आरोपों को लेकर सोमवार को छात्रों व स्थानीय लोगों ने धरना-प्रदर्शन किया। ‘प्रिंसिपल हटाओ, कॉलेज बचाओ’ अभियान के तहत छात्र नेता सौरभ की अगुवाई और राजद नेता मुश्ताक आलम के नेतृत्व में कॉलेज परिसर में प्रदर्शन किया गया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने प्राचार्य का पुतला भी फूंका।
प्रदर्शन में पूर्णिया से पहुंचे छात्र नेताओं के अलावा बड़ी संख्या में छात्र, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कथित अवैध वसूली और अन्य अनियमितताओं की निष्पक्ष व उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।
छात्रों ने आरोप लगाया कि कॉलेज प्रशासन के खिलाफ आवाज उठाने वाले विद्यार्थियों पर दबाव बनाया जाता है। कुछ छात्रों ने नंबर कम करने, उपस्थिति घटाने सहित अन्य कार्रवाई की धमकी दिए जाने की शिकायत भी की। सामाजिक कार्यकर्ता मोहम्मद जहुर आलम रजवी, अब्दुल जलील और फरहाद रजा ने भी मामले की जांच कराने तथा प्राचार्य को हटाने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। मौके पर शायक रजवी, फैजान, गुलजार, रिजवान समेत कई छात्र नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
अब पूरे मामले में संबंधित विभाग और जिला प्रशासन की कार्रवाई पर निगाहें टिकी हैं। छात्रों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही कथित अवैध वसूली और अनियमितताओं की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी।
Post a Comment