नेशनल हाईवे-327ई पर सालगुड़ी के साबोडांगी के पास गुरुवार सुबह मजदूरों को लेकर जा रही पिकअप वैन अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गई। हादसे में पिकअप सवार 11 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए ठाकुरगंज पीएचसी में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। एक साथ 11 घायलों के सदर अस्पताल पहुंचने से अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। चिकित्सकों ने तत्काल सभी का इलाज शुरू किया। इनमें चार घायलों की स्थिति गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य घायल भी इलाज के लिए पूर्णिया रवाना हो गए।
घायलों की पहचान पूर्णिया जिले के आमगंधी गांव निवासी पवन कुमार, बाबुल यादव, अखिलेश कुमार, रूपेश कुमार, दिलीप कुमार यादव, स्थान आलम, सचिन कुमार, गोलू, लड्डू, अमित कुमार और अर्जुन कुमार के रूप में हुई है।
घायलों ने बताया कि वे सड़क निर्माण कार्य में मजदूरी करने के लिए आमगंधी गांव से ठाकुरगंज जा रहे थे। साबोडांगी के पास चालक को झपकी आने के कारण पिकअप अनियंत्रित हो गई और बीच सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
Post a Comment