Top News

मानदेय भुगतान नहीं होने पर आवास कर्मियों ने किया ‘जीरो ऑफिस डे’ का बहिष्कार


प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत कार्यरत आवास कर्मियों ने कई महीनों से मानदेय लंबित रहने के विरोध में 12 एवं 13 अगस्त को आयोजित ‘जीरो ऑफिस डे’ कार्यक्रम के बहिष्कार का निर्णय लिया है। इस संबंध में राज्य ग्रामीण आवास कर्मी संघ, बिहार की ओर से प्रखंड विकास पदाधिकारी को आवेदन सौंपकर लंबित मानदेय का शीघ्र भुगतान कराने की मांग की गई है।

आवास कर्मियों ने बताया कि वे लगातार क्षेत्र भ्रमण कर लाभुकों के आवास निर्माण का निरीक्षण, जियो टैगिंग सहित विभागीय कार्यों का निष्पादन कर रहे हैं। विभागीय निर्देश के अनुसार 12 एवं 13 अगस्त को पंचायतों में निर्मित आवासों का निरीक्षण, निर्धारित स्तर तक निर्मित आवासों की जियो टैगिंग तथा लाभुकों को आवास निर्माण के लिए प्रेरित करने का कार्यक्रम निर्धारित था।

कर्मियों का कहना है कि कई महीनों से मानदेय नहीं मिलने के कारण उन्हें गंभीर आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र भ्रमण के लिए आने-जाने और अन्य जरूरी खर्चों की व्यवस्था करना भी मुश्किल हो गया है। ऐसे में उन्होंने ‘जीरो ऑफिस डे’ कार्यक्रम में कार्य बहिष्कार करते हुए सहयोग नहीं करने का निर्णय लिया है।

आवेदन पर नागेंद्र कुमार सिंह, मो. उस्मान, मो. मोईनुद्दीन, जाकिया प्रवीण, मो. शमशाद आलम, प्रवीण कुमार साह, केशव कुमार, कुणाल किशोर, मो. नुरुल इस्लाम, मो. एहतेशाम आलम, अब्दुल कैय्युम सहित कई आवास कर्मियों के हस्ताक्षर हैं।

कर्मियों ने प्रशासन से लंबित मानदेय के भुगतान को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि मानदेय भुगतान होने से आर्थिक राहत मिलेगी और वे विभागीय एवं क्षेत्रीय कार्यों को सुचारू रूप से जारी रख सकेंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post