Top News

अवैध अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त, दुकानदारों से जुर्माना वसूल


मुरलीगंज नगर पंचायत क्षेत्र के बाजार एवं प्रमुख चौक-चौराहों पर सड़क पर किए जा रहे अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। अभियान के तहत सड़क पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से जुर्माना वसूला गया और भविष्य में दोबारा ऐसा नहीं करने की चेतावनी दी गई।

प्रशासन की ओर से बताया गया कि सड़क किनारे अतिक्रमण, अवैध पार्किंग, सड़कों पर वाहनों से लोडिंग-अनलोडिंग तथा अन्य नियमों के विरुद्ध गतिविधियों में संलिप्त व्यवसायियों और वाहन मालिकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए प्रत्येक बुधवार और शनिवार को नगर पंचायत के प्रतिनियुक्त कर्मियों एवं पुलिस बल के साथ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

बुधवार को मुरलीगंज बाजार के मुख्य चौक-चौराहों पर अभियान चलाकर दर्जनों दुकानदारों द्वारा सड़क पर रखे गए सामान को जब्त कर थाना लाया गया। बाद में संबंधित दुकानदारों से जुर्माना वसूलने के बाद सामान वापस कर दिया गया। वहीं एक बाइक चालक से भी नियम उल्लंघन पर जुर्माना वसूला गया। इस कार्रवाई से अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप मच गया।

नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) अजय कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देश के आलोक में सड़क पर अवैध अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बुधवार और शनिवार को नियमित रूप से यह कार्रवाई जारी रहेगी। इसके लिए नगर पंचायत के दो कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post