Top News

महादलित टोला में टीबी व नेत्र जांच शिविर, पात्र मरीजों को मिलेगा निःशुल्क चश्मा

:



सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैसा के अंतर्गत राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) की ओर से रायबेर पंचायत के दिंगहोच महादलित टोला, वार्ड संख्या-15 में टीबी जांच एवं नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन मुखिया प्रतिनिधि सद्दाम हुसैन के सहयोग से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य जांच कराई और चिकित्सकों से परामर्श लिया।

शिविर में डॉक्टर मोना चौधरी, नेत्र सहायक कोणाल कुमार तथा आरबीएसके एएनएम सोनाली ने मरीजों की जांच की। इस दौरान टीबी के संभावित मरीजों की पहचान कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया गया, जबकि नेत्र जांच के दौरान दृष्टि संबंधी समस्याओं का परीक्षण किया गया। जिन मरीजों को चश्मे की आवश्यकता पाई गई, उन्हें स्वास्थ्य विभाग की ओर से निःशुल्क चश्मा उपलब्ध कराया जाएगा।

चिकित्सकों ने बताया कि इस अभियान के तहत प्रतिदिन लगभग 100 मरीजों की जांच का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके गांव में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। शिविर में टीबी के लक्षण, समय पर जांच, नियमित दवा सेवन तथा स्वच्छता के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया।

ग्रामीणों ने स्वास्थ्य शिविर के आयोजन पर खुशी जताते हुए कहा कि इससे गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को गांव में ही टीबी जांच, नेत्र जांच, स्वास्थ्य परामर्श और पात्र मरीजों को निःशुल्क चश्मा उपलब्ध कराने जैसी सुविधाओं का लाभ मिल रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post