Top News

पत्नी से विवाद में चार वर्षीय मासूम की ह*त्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार


अनगढ़ थाना क्षेत्र में चार वर्षीय मासूम की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार यह वारदात पारिवारिक विवाद और रंजिश के कारण अंजाम दी गई थी।

बायसी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जितेन्द्र पांडेय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 25 जुलाई 2026 को महानंदा नदी के टापू पर ग्राम टिक्कर में चार वर्षीय बच्चे का शव मिलने के बाद खुशबू देवी के फर्द बयान के आधार पर अनगढ़ थाना कांड संख्या 101/26 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया।

वैज्ञानिक, मानवीय एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने 28 जुलाई को मामले के मुख्य आरोपी विक्रम कुमार उर्फ विक्रम मंडल (22), निवासी ग्राम चौनी हटगाछी, थाना बायसी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि खुशबू देवी उसकी दूसरी पत्नी है और दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में वह पत्नी और उसके चार वर्षीय पुत्र को बहला-फुसलाकर महानंदा नदी के टापू पर ले गया। वहां उसने महिला के साथ मारपीट की। महिला के बेहोश होने पर उसे मृत समझकर छोड़ दिया, जबकि मासूम बच्चे की गला दबाकर हत्या कर शव वहीं छोड़कर फरार हो गया।

बाद में ग्रामीणों ने बेहोश महिला को घटनास्थल से निकालकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जिससे उसकी जान बच गई।
पुलिस ने बताया कि मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। छापेमारी दल में अनगढ़ थानाध्यक्ष विकास कुमार, अपर थानाध्यक्ष कृष्ण गोपाल, पुलिस पदाधिकारी सोनाली तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post