पूर्णिया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बीरपुर पंचायत के सिमलगाछी गांव वार्ड संख्या-10 में बुधवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक बंद घर का ताला तोड़कर नकद सहित करीब चार लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, गृहस्वामी स्वपन चन्द्र दास अपने परिवार के साथ दो दिन पूर्व रायगंज (पश्चिम बंगाल) में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे घर लौटने पर उन्होंने मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देखा। अंदर जाने पर कमरे का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का ताला भी टूटा हुआ मिला।
स्वपन चन्द्र दास ने बताया कि चोर अलमारी में रखे 1 लाख 17 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, कीमती कपड़े, पीतल के बर्तन तथा इनवर्टर की बैटरी समेत अन्य मूल्यवान सामान चोरी कर ले गए। चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब चार लाख रुपये बताई जा रही है।
सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना की एसआई प्रिया कुमारी एवं एएसआई पप्पू कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा संदिग्ध लोगों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
इधर, लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने और चोरी की वारदात का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
Post a Comment