दिघलबैंक। एसएसबी और दिघलबैंक थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गुरुवार को मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली। संयुक्त टीम ने खरवान टोली निवासी रिज्वाबुल हक के घर पर छापेमारी कर 12 तस्करों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों में 11 पुरुष और एक महिला शामिल हैं।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 175 ग्राम ब्राउन शुगर, 8 लाख 13 हजार 775 रुपये भारतीय नकद, 2 लाख 12 हजार 230 रुपये नेपाली मुद्रा, दो इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन, 13 मोबाइल फोन, एक टैबलेट तथा 300 पीस मेडिसिन बरामद की।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अख्तर आलम, आल शेर, बबलू मियां, जीवन श्रेष्ठ, शकुरुद्दीन, रुस्तम अंसारी, सद्दाम अंसारी, मो. आलम, रहीम अंसारी, प्रेम खनाल, मो. इस्लाम और हसीना खातून के रूप में हुई है। सभी आरोपी दिघलबैंक थाना क्षेत्र के खरवान टोली के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले में आगे की जांच और पूछताछ जारी है। यह संयुक्त कार्रवाई एसएसबी के असिस्टेंट कमांडेंट एस.के. कृष्णन, दिघलबैंक थानाध्यक्ष विपिन कुमार सिंह तथा एएनटीएफ की टीम की मौजूदगी में की गई।
Post a Comment