Top News

विधायक के निरीक्षण में पावर हाउस कर्मी शराब के नशे में गिरफ्तार, ब्रेथ एनलाइजर जांच में हुई पुष्टि

:


बहादुरगंज। प्रखंड के एलआरपी चौक स्थित पावर हाउस में बुधवार शाम स्थानीय विधायक तौसीफ आलम के निरीक्षण के दौरान एक कर्मचारी ड्यूटी के समय शराब के नशे में पाया गया। विधायक की सूचना पर पहुंची बहादुरगंज थाना पुलिस ने ब्रेथ एनलाइजर से जांच कराई, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि होने के बाद कर्मचारी प्रमोद कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार विधायक तौसीफ आलम बिजली आपूर्ति व्यवस्था और उपभोक्ताओं से जुड़ी समस्याओं की समीक्षा के लिए पावर हाउस पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान एक कर्मचारी की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पूछताछ में नशे की आशंका होने पर विधायक ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कर्मचारी को जांच के लिए अपने साथ ले गई। ब्रेथ एनलाइजर व मेडिकल जांच में शराब पीने की पुष्टि होने के बाद आरोपी कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया गया।

घटना के बाद पावर हाउस परिसर में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने सरकारी कार्यालयों और आवश्यक सेवाओं से जुड़े संस्थानों में नियमित निगरानी की मांग करते हुए कहा कि बिजली जैसी महत्वपूर्ण सेवा में कार्यरत कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ ड्यूटी करनी चाहिए।

पुलिस ने बताया कि बिहार में लागू शराबबंदी कानून के उल्लंघन के मामलों में किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तार कर्मचारी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए कोर्ट में प्रस्तुत किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post