:
कटिहार। कुरसेला प्रखंड के तीनघरिया स्थित कोसी नदी के भीषण कटाव प्रभावित क्षेत्र का बुधवार को जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने निरीक्षण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और गांव को कटाव से बचाने के लिए जल्द स्थायी एवं प्रभावी कटाव निरोधी कार्य कराने की मांग की।
कटाव संघर्ष समिति के अध्यक्ष दिल खुश कुमार समेत ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को बताया कि जल संसाधन विभाग द्वारा बंबू रोल तकनीक से फ्लड फाइटिंग का कार्य कराया गया था, लेकिन कोसी नदी के तेज बहाव और लगातार हो रहे कटाव के कारण यह व्यवस्था प्रभावी साबित नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना था कि बंबू रोल का अधिकांश हिस्सा कटाव की भेंट चढ़ चुका है, जिससे गांव पर खतरा और बढ़ गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र स्थायी कटाव निरोधी कार्य नहीं कराया गया तो गांव की आबादी पर गंभीर संकट उत्पन्न हो सकता है।
जिलाधिकारी ने कटाव स्थल और चल रहे फ्लड फाइटिंग कार्य का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बाढ़ नियंत्रण एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों को कटाव रोकने के लिए त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और कटाव रोकने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय शीघ्र लागू करने का निर्देश भी दिया।
इस मौके पर अंचलाधिकारी अनुपम कुमारी, बीडीओ कुमारी प्रियंमवदा, बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
Post a Comment