:
कुरसेला प्रखंड की जरलाही पंचायत स्थित मधेली राजकीय डिग्री कॉलेज में बुधवार को नए शैक्षणिक सत्र का विधिवत शुभारंभ किया गया। बिहार सरकार के उन्नत शिक्षा, उज्ज्वल भविष्य कार्यक्रम के तहत आयोजित इस समारोह का राज्यस्तरीय उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव एवं उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह 'टाइगर' ने भागलपुर के गोराडीह स्थित राजकीय डिग्री कॉलेज से वर्चुअल माध्यम से किया।
स्थानीय स्तर पर बरारी विधायक विजय सिंह, डीआरडीए निदेशक सुदामा प्रसाद सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमारी प्रियमवदा, कॉलेज के प्राचार्य डॉ. विलास झा, पूर्णिया विश्वविद्यालय के इंस्पेक्टर ऑफ कॉलेजेस डॉ. गोपाल कुमार तथा जरलाही पंचायत के मुखिया पति शंकर चौधरी ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कॉलेज के शैक्षणिक सत्र की शुरुआत की।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक विजय सिंह ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में दो राजकीय डिग्री कॉलेजों का एक साथ शुरू होना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण इलाकों के विद्यार्थियों, विशेषकर बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कॉलेज तक सुरक्षित आवागमन के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-31 से कॉलेज जाने वाले मार्ग पर पुलिस फाड़ी की स्थापना कराने तथा छात्र-छात्राओं के लिए पीली बस (स्टूडेंट बस) के संचालन का प्रयास करने का आश्वासन दिया।
जरलाही पंचायत के मुखिया पति शंकर चौधरी ने इसे पंचायत और क्षेत्रवासियों के लिए ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि अब स्थानीय छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कॉलेज आने-जाने में किसी भी छात्रा को परेशानी होने पर वे हरसंभव सहयोग करेंगे।
इस अवसर पर बीस सूत्री अध्यक्ष मिथुन कुमार चौधरी, उपाध्यक्ष योगेंद्र गुप्ता, समाजसेवी सुरेश मंडल, गजेंद्र कुमार रजक, विधायक प्रतिनिधि कैलाश साहनी, तुलसी कुमार, पवन सिंह, राघवेंद्र प्रताप सिंह, दक्षिणी मुरादपुर पंचायत के मुखिया ललन राम सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, छात्र-छात्राएं और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
Post a Comment