कटिहार जिले के कोढ़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान आधारित कथित हैंडलर से संपर्क रखने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस मामले में कोढ़ा थाना कांड संख्या 229/26, दिनांक 13 जुलाई 2026 दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। मामले में आईबी, एसटीएफ और कोढ़ा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई की गई।
एसडीपीओ सदर-2 सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि कोढ़ा थाना क्षेत्र के मूसापुर निवासी मोहम्मद अहद (पिता- मोहम्मद आलम) देश विरोधी गतिविधियों में संलिप्त है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि आरोपी का कथित रूप से पाकिस्तान स्थित हैंडलर और गैंगस्टर राना हुनैन उर्फ राना हुसैन के नेटवर्क से सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क था। आरोप है कि वह विभिन्न सोशल मीडिया आईडी के जरिए संपर्क में रहकर भारत में किसी बड़ी आपराधिक अथवा आतंकवादी घटना को अंजाम देने की फिराक में था।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोहम्मद अहद को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद कर जब्त किया गया, जिसे डिजिटल जांच के लिए भेजा जाएगा।
पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है तथा उसके डिजिटल संपर्कों, सोशल मीडिया गतिविधियों और अन्य संभावित पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Post a Comment