Top News

कोढ़ा नगर पंचायत में पीएम सूर्य घर योजना को लेकर बैठक




कटिहार जिले के कोढ़ा नगर पंचायत सभागार में सोमवार को पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और व्यापक जनजागरूकता को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह ने की। इसमें नगर कार्यपालक पदाधिकारी मोहम्मद शहनबाज रजा, विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर पंकज ठाकुर तथा सभी वार्ड पार्षद मौजूद रहे।

बैठक में जेई पंकज ठाकुर ने योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत पात्र उपभोक्ताओं को घरों की छत पर सोलर रूफटॉप लगाने के लिए आकर्षक सब्सिडी दी जा रही है। उन्होंने वार्ड पार्षदों से अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को योजना की जानकारी देने और अधिक से अधिक आवेदन कराने का आग्रह किया। साथ ही बताया कि सोलर पैनल लगाने के लिए विभिन्न बैंकों द्वारा ऋण सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ कम होगा।

नगर कार्यपालक पदाधिकारी मोहम्मद शहनबाज रजा ने कहा कि जनप्रतिनिधि स्वयं अपने घरों पर सोलर पैनल लगाकर लोगों के बीच प्रेरणास्रोत बनें। इससे आम लोगों का विश्वास बढ़ेगा और योजना का लाभ अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचेगा।

मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में योजना के प्रचार-प्रसार के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने लोगों से गुणवत्तापूर्ण और ब्रांडेड कंपनियों के सोलर पैनल लगाने की अपील करते हुए कहा कि इससे बेहतर सेवा, नियमित मेंटेनेंस और लंबे समय तक लाभ सुनिश्चित होगा।

बैठक में योजना के सफल क्रियान्वयन, अधिकाधिक लाभुकों को जोड़ने तथा नगर पंचायत को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post