किशनगंज जिले की बहादुरगंज पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जबकि गिरोह का एक अन्य सदस्य मौके से बाइक छोड़कर फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
अपर थानाध्यक्ष रंजीत कुमार भारती ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार रात शहर के झांसी की रानी चौक पर वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान लौचा हाट की ओर से दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन एक युवक भागने की कोशिश करने लगा।
पुलिस ने 28 वर्षीय नवेद आलम (पिता- नतिरुद्दीन) को मौके पर दबोच लिया, जबकि दूसरी बाइक पर सवार 20 वर्षीय मोहम्मद (पिता- स्वर्गीय कमरुज्जमा, निवासी गोपालपुर) पुलिस को चकमा देकर अपनी मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गया।
पूछताछ के दौरान नवेद आलम अपनी मोटरसाइकिल के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि दोनों मोटरसाइकिलें कोचाधामन थाना क्षेत्र के सतभीट्टा निवासी मो. शकील से खरीदी गई थीं।
पुलिस ने दोनों संदिग्ध मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया है। इस मामले में बहादुरगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार नवेद आलम, फरार आरोपी मोहम्मद तथा कथित सप्लायर मो. शकील को नामजद किया गया है।
पुलिस का कहना है कि यह मामला चोरी की बाइक की खरीद-बिक्री से जुड़े एक बड़े नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान के लिए छापेमारी जारी है।
Post a Comment