बायसी थाना क्षेत्र के भोड़ा पुल के पास शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे समीर बस और हाइवा ट्रक के बीच हुई जोरदार टक्कर में कई यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई, जबकि चालक मौके से बस छोड़कर फरार हो गया। दुर्घटना के कारण कुछ देर तक सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, समीर बस (BR06 PF 1253) की हाइवा ट्रक से आमने-सामने टक्कर हुई। हादसा उस समय हुआ जब वरीय यक्ष्मा पर्यवेक्षक देवेंद्र कुमार भी घटनास्थल के पास मौजूद थे। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) बायसी पहुंचाया।
पीएचसी बायसी के चिकित्सक डॉ. सानू सत्यम ने बताया कि हादसे में घायल राकेश (पूर्णिया), नीरज कुमार (ठाकुरगंज), अब्दुल (कटिहार), अफ्तार अली (जियागाछी, पूर्णिया), पुरनी देवी (सिपाही टोला, पूर्णिया), पेशकर अली (पिपरा, पूर्णिया), श्याम सुंदर साह (नेपाल) तथा अर्चना कुमारी (कस्बा, पूर्णिया) का प्राथमिक उपचार किया गया। सभी को सामान्य चोटें आई हैं और उपचार के बाद उनकी स्थिति स्थिर बताई गई।
घायल नीरज कुमार ने बताया कि दुर्घटना के कारण सभी यात्री परेशान हो गए। उन्होंने बस प्रबंधन से यात्रियों का किराया वापस करने की मांग करते हुए कहा कि हादसे के कारण वे अपने गंतव्य तक सुरक्षित नहीं पहुंच सके।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पार्षद कुर्बान अली भी पीएचसी पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना, चिकित्सकों से इलाज की जानकारी ली और पीड़ितों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
इधर, सूचना मिलते ही बायसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बस तथा हाइवा को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार बस चालक की तलाश कर रही है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
Post a Comment