Top News

राशन कार्ड से वंचित परिवारों के लिए सुनहरा मौका, पंचायत स्तर पर शुरू हुआ विशेष अभियान



राशन कार्ड से अब तक वंचित पात्र परिवारों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) से जोड़ने के उद्देश्य से कोढ़ा प्रखंड में विशेष अभियान शुरू किया गया है। खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, बिहार सरकार के निर्देश पर 14 जुलाई 2026 से स्मार्ट पीडीएस पोर्टल के माध्यम से नए राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन लिए जा रहे हैं। इसके लिए प्रखंड की सभी पंचायतों में विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं।

प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी मनजीत माहेश्वरी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य किसी भी पात्र परिवार को राशन कार्ड से वंचित नहीं रहने देना है। पंचायत स्तर पर आयोजित शिविरों में ऑनलाइन आवेदन के साथ-साथ आवेदकों को आवश्यक जानकारी और तकनीकी सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि आवेदन प्रक्रिया सरल और त्रुटिरहित हो।

उन्होंने बताया कि आवेदन के समय जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र, परिवार का सामूहिक फोटो, सभी सदस्यों का आधार कार्ड, बैंक पासबुक की छायाप्रति, आवेदक के हस्ताक्षर तथा एक सक्रिय मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से साथ लाना होगा।

प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने सभी पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों से अपील की कि वे अपने संबंधित पंचायत भवन में आयोजित शिविर का लाभ उठाते हुए समय पर आवेदन करें। उन्होंने कहा कि नए राशन कार्ड बनने के बाद पात्र परिवारों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाले खाद्यान्न एवं अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त हो सकेगा।

विभाग का लक्ष्य है कि पंचायत स्तर पर चल रहे इस विशेष अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र परिवारों को राशन कार्ड उपलब्ध कराकर उन्हें सरकारी खाद्य सुरक्षा योजना से जोड़ा जाए।

Post a Comment

Previous Post Next Post