:
जिले के राजकीय डिग्री कॉलेज दिघलबैंक में बुधवार को नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ जिला पदाधिकारी नवीन कुमार और विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर कोचाधामन और दिघलबैंक राजकीय डिग्री कॉलेज की छात्राओं के लिए सरकार की पिंक बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
पिंक बस में केवल छात्राओं और महिलाओं को यात्रा की सुविधा मिलेगी। बस में महिला कंडक्टर की तैनाती होगी तथा सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। बस का संचालन प्रखंड मुख्यालय से कॉलेज तक होगा।
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) ने बताया कि राज्य सरकार के 'उन्नत शिक्षा, उज्ज्वल भविष्य' कार्यक्रम के तहत कोचाधामन, दिघलबैंक और टेढ़ागाछ में राजकीय डिग्री कॉलेज स्थापित किए गए हैं, जो पूर्णिया विश्वविद्यालय के अंगीभूत महाविद्यालय होंगे। फिलहाल इन कॉलेजों में समाजशास्त्र, राजनीति विज्ञान, मनोविज्ञान, इतिहास, हिंदी और अंग्रेजी विषयों की पढ़ाई शुरू की गई है। भविष्य में विज्ञान और वाणिज्य संकाय भी प्रारंभ किए जाएंगे।
कॉलेजों का संचालन फिलहाल अस्थायी भवनों से किया जा रहा है। नामांकन ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से जारी है, जबकि शिक्षकों की नियुक्ति पूर्णिया विश्वविद्यालय करेगा। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार झा सहित कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि, प्राचार्य और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
Post a Comment