:
जिले में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला सदर थाना क्षेत्र के पुलिस लाइन के समीप का है, जहां किराये के मकान में रह रही तीन महिला सिपाहियों के घर में चोरों ने धावा बोल दिया। बदमाशों ने मुख्य दरवाजे समेत कई कमरों की कुंडियां काटकर सोने-चांदी के जेवर और नकदी की चोरी कर ली। घटना से पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया है।
पीड़ित महिला सिपाही अनुप्रिया, जो वर्तमान में लोक शिकायत निवारण कोषांग में कार्यरत हैं, ने सदर थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। आवेदन के अनुसार वह घोड़ामारा स्थित किराये के मकान में रहती हैं। 12 जुलाई को पड़ोसी ने फोन कर मकान के मुख्य दरवाजे की कुंडी कटी होने की सूचना दी। सूचना मिलने पर जब वह लौटीं तो मुख्य दरवाजे के अलावा अन्य कमरों की कुंडियां भी कटी मिलीं और घर का सामान बिखरा पड़ा था।
बताया गया कि उसी मकान में दो अन्य महिला सिपाही भी रहती हैं। घटना के समय एक महिला सिपाही अवकाश पर अपने घर गई थीं, जबकि दूसरी का तबादला हो चुका था। मकान खाली रहने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
प्राथमिकी के अनुसार चोरी गए सामान में करीब 10 ग्राम सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी, लगभग 35 ग्राम वजन के दो जोड़ी चांदी के पायल, चांदी के सिक्के तथा दो हजार रुपये नकद शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और विभिन्न बिंदुओं पर जांच जारी है। पुलिस लाइन के समीप महिला सिपाहियों के घर में हुई चोरी की घटना ने स्थानीय लोगों को भी हैरान कर दिया है। लोगों का कहना है कि जब पुलिसकर्मियों के आवास भी सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता स्वाभाविक है।
Post a Comment