Top News

नाबालिग को लेकर फरार होने के आरोप पर बवाल, सड़क निर्माण स्थल पर ग्रामीणों का प्रदर्शन

:

 ठाकुरगंज प्रखंड के जिरनगच्छ पंचायत स्थित झरुवाडां गांव के समीप निर्माणाधीन सड़क परियोजना में कार्यरत एक मजदूर पर 14 वर्षीय नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगा है। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। आदिवासी समाज के लोगों ने निर्माण स्थल के सामने धरना-प्रदर्शन कर नाबालिग की सकुशल बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की।

सूचना मिलने पर ठाकुरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को मामले में त्वरित कार्रवाई का आश्वासन देकर स्थिति शांत कराई। पीड़िता के परिजनों ने थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।

वार्ड सदस्य दिनेश कुमार हेमरम ने कहा कि समाज की बेटियों की सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता बढ़ रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नाबालिग को जल्द बरामद नहीं किया गया तो आदिवासी समाज व्यापक आंदोलन करेगा।

साहेब मरांडी ने कहा कि नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप गंभीर है और दोषी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं कुमार मुर्मू ने पुलिस पर भरोसा जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही नाबालिग को सकुशल बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार करेगी।

पंचायत समिति प्रतिनिधि रईस कैसर ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि पंचायत क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। नाबालिग की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post