मुरलीगंज थाना क्षेत्र के गंगापुर पंचायत अंतर्गत भलनी वार्ड संख्या 3 में जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। एक पक्ष ने फसल नष्ट करने और धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है, जबकि दूसरे पक्ष ने सभी आरोपों को निराधार बताया है।
पहले पक्ष के राजेंद्र यादव उर्फ मोहरील यादव (67) ने थाना में दिए आवेदन में बताया कि वर्ष 1998 में उन्होंने खुशरूपट्टी निवासी रविंद्र यादव उर्फ खोखा यादव एवं उनके परिवार से खाता संख्या 280 तथा खेसरा संख्या 1106 व 1093 की कुल एक बीघा जमीन दो लाख रुपये में खरीदी थी। उनका आरोप है कि भुगतान के बाद से वे पिछले 28 वर्षों से उक्त भूमि पर खेती करते आ रहे थे, लेकिन हाल ही में दूसरे पक्ष ने जबरन जमीन जोत दी, जिससे उनकी फसल नष्ट हो गई।
वहीं, दूसरे पक्ष के रविंद्र यादव उर्फ खोखा यादव ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि संबंधित भूमि का म्यूटेशन उनके नाम से है। उन्होंने बताया कि अमीन से विधिवत नापी कराने के बाद ही जमीन पर कार्य शुरू किया गया। उनका कहना है कि भूमि पर पहले केवल खरहर (जंगली घास) थी और मोहरील यादव अस्थायी रूप से खेती कर रहे थे। जमीन खाली करने को कहने के बाद ही विवाद उत्पन्न हुआ।
मामले में दोनों पक्षों की ओर से अपना-अपना पक्ष रखा गया है। पुलिस ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment