:
बैसा। काबिलियत संसाधनों की मोहताज नहीं होती। बैसा प्रखंड की खपड़ा पंचायत स्थित धर्मबाड़ी गांव के फरहान आलम ने यह साबित कर दिखाया है। आर्थिक अभाव के बावजूद उन्होंने नीट-यूजी परीक्षा में 720 में से 574 अंक हासिल कर सफलता प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे गांव में खुशी का माहौल है।
फरहान आलम के पिता मो. फिरोज बाहर रहकर सिलाई का काम करते हैं, जबकि उनकी मां गृहिणी हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उन्हें महंगी कोचिंग की सुविधा नहीं मिल सकी, लेकिन उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी आत्मविश्वास और मेहनत के बल पर नीट परीक्षा में सफलता हासिल की।
फरहान ने बताया कि घर की आर्थिक परेशानियों के बावजूद उन्होंने पढ़ाई से कभी समझौता नहीं किया। उनका सपना एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी कर डॉक्टर बनना और गरीब एवं जरूरतमंद लोगों की सेवा करना है। बचपन से ही वह पढ़ाई में मेधावी रहे हैं।
बेटे की सफलता पर पिता मो. फिरोज ने कहा कि यह उपलब्धि फरहान की कड़ी मेहनत, लगन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यदि मेहनत सच्ची हो तो कठिन से कठिन परिस्थितियां भी सफलता का रास्ता नहीं रोक सकतीं।
फरहान की इस उपलब्धि पर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मो. अहमद, समाजसेवी सह शिक्षक फरोग अहमद जामी, मो. बाबुल समेत कई लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Post a Comment