:
फलका बाजार में नालों पर बढ़ते अतिक्रमण के कारण जल निकासी व्यवस्था चरमरा गई है। इसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। बाजार से मीरगंज जाने वाली स्टेट हाईवे-77 के किनारे हल्की बारिश के बाद भी लंबे समय तक पानी जमा रहने से सड़क पर आवागमन मुश्किल हो गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार बाजार क्षेत्र के कई स्थानों पर नालों पर अतिक्रमण कर दुकानें बना दी गई हैं, जबकि कुछ जगहों पर जल निकासी के रास्ते पूरी तरह बंद कर दिए गए हैं। इससे बारिश का पानी नालों में जाने के बजाय सड़क पर ही भर जाता है और मुख्य सड़क तालाब जैसी दिखाई देने लगती है।
फलका बाजार आसपास के कई पंचायतों के लोगों के लिए प्रमुख व्यापारिक एवं आवागमन केंद्र है। प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होने के बावजूद जलजमाव की समस्या का अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है। सड़क पर जमा गंदे पानी और कीचड़ के कारण पैदल चलना कठिन हो गया है, वहीं दोपहिया वाहन चालकों को फिसलन के चलते दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों एवं प्रबुद्ध नागरिकों ने जनप्रतिनिधियों, अंचल अधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। लोगों ने नालों से अतिक्रमण हटाने, बंद जल निकासी मार्गों को खुलवाने तथा बाजार क्षेत्र में प्रभावी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि बरसात के मौसम में लोगों को जलजमाव की समस्या से राहत मिल सके।
Post a Comment