बायसी प्रखंड मुख्यालय सभागार में मंगलवार को सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधायक गुलाम सरवर, पूर्व मंत्री हाजी अब्दुल सुभान, प्रखंड प्रमुख इम्तियाज आलम, जिला परिषद सदस्य मुख्तार आलम, विभिन्न पंचायतों के मुखिया, जनप्रतिनिधि तथा एसडीएम अभिषेक रंजन, बीडीओ सुरेंद्र ताती, सीओ गणेश पासवान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में बिजली, सड़क, स्वास्थ्य, नदी कटाव, राशन कार्ड, भूमि विवाद, कृषि, पेयजल समेत विभिन्न जनसमस्याओं की समीक्षा की गई। विधायक गुलाम सरवर ने अंचल कार्यालय में आने वाली शिकायतों का समयबद्ध निष्पादन, पात्र परिवारों के राशन कार्ड बनाने, ताराबाड़ी पंचायत में नदी कटाव रोकने, आपदा विभाग से समन्वय बढ़ाने तथा चंद्रगामा, श्रीपुर मलहाटोली और खुटिया पंचायत की बिजली समस्याओं का जल्द समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पूर्व मंत्री हाजी अब्दुल सुभान ने क्षेत्र में जर्जर बिजली तार बदलने, पर्याप्त क्षमता के 100 केवीए ट्रांसफॉर्मर लगाने और श्रीपुर मलहाटोली की सड़क का शीघ्र निर्माण कराने की मांग उठाई। वहीं जनप्रतिनिधियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बढ़ती दुर्घटनाओं का मुद्दा उठाते हुए बायसी में ओवरब्रिज निर्माण की मांग सांसद के समक्ष रखी।
सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद ने कृषि विभाग को किसानों को समय पर बीज, उर्वरक और सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से विकास कार्यों की जानकारी जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों तक समय पर पहुंचाने पर भी जोर दिया।
बैठक में एसडीएम अभिषेक रंजन ने बताया कि बायसी अनुमंडल के शेष तीन प्रखंडों के नए प्रखंड कार्यालय भवन का प्रस्ताव स्वीकृत हो चुका है और अगले कुछ महीनों में निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है। अधिकारियों ने बैठक में उठाए गए सभी प्रमुख मुद्दों के शीघ्र समाधान का भरोसा दिया।
Post a Comment