:
बैसा प्रखंड की सिरसी पंचायत स्थित मलहाना गांव के पास महानंदा नदी का कटाव लगातार तेज होता जा रहा है। कटाव की चपेट में आकर कई घर नदी में समा चुके हैं, जबकि सैकड़ों अन्य घरों पर भी खतरा मंडरा रहा है। गांव के समीप तेजी से हो रहे कटाव के कारण ग्रामीणों में भय का माहौल है और कई परिवार घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन करने लगे हैं।
वार्ड सदस्य मो. अहमद हुसैन एवं ग्रामीणों ने बताया कि कटाव के डर से लोगों की रातों की नींद उड़ गई है। अधिकांश ग्रामीणों की कृषि भूमि पहले ही वर्षों पूर्व महानंदा नदी में समा चुकी है। अब गांव के अस्तित्व पर ही संकट गहरा गया है। उनका कहना है कि यदि कटाव इसी तरह जारी रहा तो इस वर्ष मलहाना गांव का बच पाना मुश्किल प्रतीत हो रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि संबंधित विभाग ने कटाव निरोधक कार्य का आश्वासन दिया था और काम भी शुरू किया, लेकिन काफी देर से। इसी बीच नदी का जलस्तर बढ़ जाने से स्थिति में कोई सुधार नहीं हो सका। उनका कहना है कि हर वर्ष बाढ़ के दौरान कटाव होता है, लेकिन आज तक स्थायी कटाव निरोधक कार्य नहीं कराया गया। यदि समय रहते स्थायी व्यवस्था की जाती तो सैकड़ों एकड़ भूमि और हजारों परिवारों को इस संकट का सामना नहीं करना पड़ता।
सिरसी पंचायत के मुखिया हसनैन आलम ने कहा कि बरसात के मौसम में कटाव तेज होने पर विभाग द्वारा केवल खानापूर्ति की जाती है, जिससे कोई ठोस लाभ नहीं मिलता। उन्होंने सरकार से स्थायी कटाव निरोधक कार्य कराने की मांग की।
इधर, अंचलाधिकारी गोपाल कुमार ने बताया कि स्थल निरीक्षण के बाद वस्तुस्थिति से विभाग एवं जिला पदाधिकारी को अवगत कराया जाएगा, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
Post a Comment