शहर में लगातार बढ़ रही छिनतई, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए पूर्णिया पुलिस ने एक बड़ा और आक्रामक कदम उठाया है। वर्षों बाद एक बार फिर शहर की सड़कों पर ‘टाइगर मोबाइल’ की गश्त शुरू हो गई है। पूर्णिया के एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन की पहल पर गठित इस विशेष फोर्स को मंगलवार को पूर्णिया प्रक्षेत्र के आईजी विवेकानंद और एसएसपी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
पुलिस की इस नई व्यवस्था के तहत 15 टाइगर मोबाइल टीमों में कुल 80 जांबाज पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। ये जवान अलग-अलग शिफ्ट में 24 घंटे शहर के विभिन्न हिस्सों में गश्त करेंगे। सभी जवान आधुनिक हथियारों से लैस रहेंगे और किसी भी आपराधिक घटना की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेंगे।
बढ़ते अपराध पर पुलिस का बड़ा एक्शन
आईजी विवेकानंद ने कहा कि पूर्णिया में बढ़ते अपराध पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती है। इसी को देखते हुए एसएसपी ने टाइगर मोबाइल टीम का गठन किया है। ये टीमें लगातार शहर में मूविंग रहेंगी और अपराधियों पर नजर रखेंगी। खासकर बैंक, एटीएम, ज्वेलरी दुकानें और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान इनके विशेष निगरानी क्षेत्र में रहेंगे।
उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए त्वरित प्रतिक्रिया सबसे जरूरी है और टाइगर मोबाइल इसी उद्देश्य से तैयार की गई है।
एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन ने बताया कि टाइगर मोबाइल के जवान केवल मुख्य सड़कों पर ही नहीं, बल्कि गली-मोहल्लों और संकरी बस्तियों तक नियमित गश्त करेंगे। घटना की सूचना मिलते ही ये टीमें तुरंत मौके पर पहुंचेंगी और अपराधियों के भागने के संभावित रास्तों पर तेजी से कार्रवाई करेंगी।
उन्होंने बताया कि सभी जवानों को आधुनिक हथियारों के संचालन का विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। प्रत्येक टीम की अलग पहचान और विशेष ड्रेस होगी, जिससे उनकी तैनाती और निगरानी व्यवस्था और अधिक प्रभावी बन सके।
पुलिस का मानना है कि लगातार गश्त और त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली से शहर में छिनतई, लूट, चोरी और अन्य सड़क अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा। हाल के दिनों में शहर में बढ़ी आपराधिक घटनाओं को देखते हुए इस विशेष फोर्स को गेम चेंजर माना जा रहा है।
अब देखना होगा कि पूर्णिया पुलिस की यह नई ‘टाइगर मोबाइल बाइकर्स फोर्स’ अपराधियों के लिए कितना बड़ा सिरदर्द साबित होती है। फिलहाल पुलिस के इस कदम से शहरवासियों में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है और अपराधियों में खलबली मच गई है।
Post a Comment