खोए या छिनतई में चले गए मोबाइल फोन वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के लिए पूर्णिया पुलिस ने बड़ी राहत दी है। पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से बरामद किए गए 90 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए, जिसके बाद लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।
इस अभियान में सदर थाना का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा, जहां सबसे अधिक मोबाइल बरामद किए गए। पुलिस की इस कार्रवाई से न सिर्फ लोगों का भरोसा बढ़ा है, बल्कि मोबाइल चोरी और छिनतई करने वाले अपराधियों के खिलाफ भी सख्त संदेश गया है।
पूर्णिया के एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन ने बताया कि पुलिस ने अपने कार्यों को समय के अनुसार विभाजित किया है। उन्होंने कहा कि सुबह के समय विशेष रूप से मोबाइल रिकवरी और इससे जुड़े अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी पर फोकस किया जा रहा है। इसी रणनीति का परिणाम है कि बड़ी संख्या में मोबाइल बरामद कर लोगों को लौटाए जा सके हैं।
एसएसपी ने बताया कि सीईआईआर (CEIR) पोर्टल पर पूर्णिया जिले की मोबाइल रिकवरी दर वर्तमान में 13.4 प्रतिशत है, जबकि बिहार का औसत रिकवरी प्रतिशत लगभग 35 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि पूर्णिया पुलिस राज्य के औसत से बेहतर प्रदर्शन करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और आने वाले दिनों में रिकवरी प्रतिशत को और बढ़ाने का लक्ष्य है।
उन्होंने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि मोबाइल खोने या चोरी होने की स्थिति में तुरंत सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि पुलिस तकनीकी सहायता से मोबाइल को ट्रैक कर जल्द बरामद कर सके।
मोबाइल वापस पाने पहुंचे लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की। कई लोगों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका मोबाइल वापस मिल जाएगा, लेकिन पुलिस की सक्रियता से उनका कीमती फोन लौट आया। मोबाइल हाथ में मिलते ही लोगों के चेहरों पर खुशी और संतोष साफ झलक रहा था।
पूर्णिया पुलिस का यह अभियान न केवल तकनीकी दक्षता का उदाहरण है, बल्कि आम जनता के बीच पुलिस की सकारात्मक छवि को भी मजबूत कर रहा है।
Post a Comment