जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुखानी थाना पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय हेरोइन तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जिनके कब्जे से 326 ग्राम हेरोइन, एक मोटरसाइकिल और 992 रुपये नकद बरामद किए गए। जब्त हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 60 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में सुखानी थाना क्षेत्र के कादो गांव रेलवे ब्रिज के समीप वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान संदेह के आधार पर दो व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उनके पास से 326 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आलम उर्फ आलम (47 वर्ष) एवं तसवर आलम (28 वर्ष), दोनों निवासी बहादुरगंज थाना क्षेत्र, के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे बहादुरगंज क्षेत्र के छोटे-छोटे हेरोइन तस्करों को नशीले पदार्थ की आपूर्ति करते थे।
पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों, हेरोइन के आपूर्तिकर्ताओं और इस अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति की भी जांच कर रही है। पूरे गिरोह के खिलाफ साक्ष्य जुटाकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस मामले में सुखानी थाना कांड संख्या-40/26 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) एवं 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Post a Comment