:
बायसी थाना क्षेत्र की श्रीपुर मल्हाटोली पंचायत के फैजी टोला (वार्ड-12) में लगातार हो रहे नदी कटाव को लेकर सोमवार को जल संसाधन विभाग, पटना की उच्चस्तरीय टीम ने प्रभावित इलाके का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कटाव की गंभीरता का जायजा लेने के साथ स्थानीय ग्रामीणों से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कहा कि जिस तेजी से नदी का कटाव हो रहा है, उसे देखते हुए विभाग मामले को गंभीरता से ले रहा है। आवश्यक विभागीय प्रक्रिया पूरी होते ही यहां फ्लड फाइटिंग एवं कटाव निरोधी कार्य शुरू कराया जाएगा, ताकि कटाव पर नियंत्रण पाया जा सके और लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
बताया गया कि श्रीपुर मल्हाटोली पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मोहम्मद जहीरूद्दीन लंबे समय से इस गंभीर समस्या को लेकर विभागीय अधिकारियों, मुख्यमंत्री एवं जनप्रतिनिधियों के समक्ष लगातार आवाज उठा रहे थे। उनके प्रयासों के बाद ही पटना से विशेषज्ञ अधिकारियों की टीम निरीक्षण के लिए पहुंची। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को फैजी टोला के अलावा चरैया यादव टोली में भी हो रहे कटाव की स्थिति से अवगत कराया।
ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि पिछले तीन वर्षों से नदी कटाव लगातार जारी है। कई बार विभागीय अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण किया और आश्वासन भी दिया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका। ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष कटाव बढ़ता जा रहा है, जिससे कई परिवारों पर विस्थापन का खतरा मंडरा रहा है।
हालांकि इस बार पटना से पहुंची टीम ने प्रभावित लोगों को भरोसा दिलाया कि स्थिति अत्यंत गंभीर है और जल्द ही फ्लड फाइटिंग कार्य शुरू कराया जाएगा। अधिकारियों के इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों में उम्मीद जगी है कि इस बार कटाव रोकने की दिशा में ठोस और प्रभावी कार्रवाई होगी।
निरीक्षण के दौरान मुखिया प्रतिनिधि मोहम्मद जहीरूद्दीन, जल संसाधन विभाग के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
Post a Comment