:
अंचल कार्यालय बैसा में बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा संचालित 'बसेरा टू' अभियान के तहत भूमिहीन परिवारों के बीच बासगीत पर्चा का वितरण किया गया। वर्षों से आवासीय भूमि की प्रतीक्षा कर रहे लाभुकों ने पर्चा मिलने पर इसे अपने जीवन का सबसे खुशी का दिन बताया।
कार्यक्रम में प्रमुख मो. शमीम अख्तर उर्फ लालबाबू एवं अंचलाधिकारी गोपाल कुमार ने संयुक्त रूप से चयनित लाभुकों को बासगीत पर्चा एवं प्रमाण पत्र सौंपे। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक भूमिहीन परिवार को आवास के लिए भूमि उपलब्ध कराकर उन्हें सम्मानपूर्वक स्थायी आवास का अधिकार दिलाना है।
सीओ गोपाल कुमार ने बताया कि बैसा अंचल के तहत इस अभियान में कुल पांच लाभुकों को 5-5 डिसमिल आवासीय भूमि का बासगीत पर्चा प्रदान किया गया। लाभुकों में तेतलिया गांव की मिन्ती देवी, सबिता कुमारी, शिबा देवी, सुनिता देवी एवं रेखा कुमारी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी नियमों के तहत उपलब्ध कराई गई इस भूमि पर लाभुक अपना घर बना सकेंगे तथा भविष्य में आवास योजनाओं का लाभ भी प्राप्त कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि 'बसेरा टू' अभियान का उद्देश्य ऐसे भूमिहीन एवं वंचित परिवारों की पहचान कर उन्हें आवासीय भूमि उपलब्ध कराना है, ताकि कोई भी गरीब परिवार जमीन के अभाव में सरकारी आवास योजनाओं से वंचित न रहे। इस अवसर पर राजस्व पदाधिकारी (आरओ) चंद्र प्रकाश सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
Post a Comment