मुरलीगंज प्रखंड क्षेत्र के दिग्घी, हरिपुर कला और सिंगियान पंचायत के ग्रामीणों द्वारा जर्जर सड़क के निर्माण की मांग अब रंग लाती नजर आ रही है। मंगलवार को ग्रामीणों के एक शिष्टमंडल ने जिलाधिकारी अभिषेक रंजन से मुलाकात कर वर्षों से बदहाल सड़क की समस्या से अवगत कराया और शीघ्र निर्माण की मांग की। साथ ही ग्रामीण कार्य विभाग (आरडब्ल्यूडी) के कार्यपालक अभियंता को भी आवेदन सौंपा गया।
डीएम के निर्देश पर मंगलवार को ग्रामीण कार्य विभाग के सहायक अभियंता पुनेश्वर कुमार ने सड़क की स्थल जांच की। उन्होंने बताया कि संबंधित सड़क का डीपीआर तैयार कर विभाग को भेजा जा चुका है तथा सड़क निर्माण की स्वीकृति भी मिल गई है। जल्द ही विभागीय स्तर पर टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिसके बाद निर्माण कार्य आरंभ होगा।
गौरतलब है कि गत रविवार को हरिपुर कला, दिग्घी और सिंगियान पंचायत के ग्रामीणों ने सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर सार्वजनिक बैठक आयोजित की थी। ग्रामीणों ने बताया था कि यह सड़क तीनों पंचायतों को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है, लेकिन जगह-जगह बड़े गड्ढे, टूटी सड़क और जलजमाव के कारण आवागमन बेहद कठिन हो गया है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे आम लोगों के साथ-साथ स्कूली बच्चों और मरीजों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
Post a Comment