:
कोढ़ा नगर पंचायत के वार्ड संख्या-5 के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। वर्षों से ग्रामीण फीडर से बिजली आपूर्ति होने के कारण बार-बार बिजली कटौती और कम आपूर्ति की समस्या झेल रहे उपभोक्ताओं की परेशानी अब दूर होने की उम्मीद जगी है। सीटी हलचल द्वारा इस मुद्दे को लगातार प्रमुखता से उठाए जाने के बाद बिजली विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है और प्रभावित क्षेत्र को बाजार फीडर से जोड़ने का कार्य आरंभ हो गया है।
कार्य शुरू होने से पहले नगर पंचायत के मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह ने बिजली विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों के साथ स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और गुणवत्ता के साथ समय पर काम पूरा करने पर जोर दिया।
मुख्य पार्षद ने बताया कि वार्ड-5 के लोगों की शिकायतों को लगातार बिजली विभाग के समक्ष उठाया गया था। विभाग से स्वीकृति मिलने के बाद अब कार्य धरातल पर शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि बाजार फीडर से जुड़ने के बाद वार्ड के सैकड़ों उपभोक्ताओं को अधिक नियमित, बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा।
कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है। लोगों ने मुख्य पार्षद और संबंधित विभाग का आभार जताते हुए कहा कि अब बिजली की आंख-मिचौली से राहत मिलने की उम्मीद है और क्षेत्र में बिजली व्यवस्था पहले से बेहतर होगी।
Post a Comment