कटिहार समाहरणालय सभागार में जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने तथा बैंक ऋण और तकनीकी प्रक्रियाओं को सरल बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में विद्युत अधीक्षण अभियंता पूर्णिया, नगर निगम कटिहार की महापौर एवं उपमहापौर, नगर आयुक्त, विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता, सभी अनुमंडलीय पदाधिकारी (एसडीओ), कनीय अभियंता (जेई), विभिन्न नगर निकायों के मुख्य पार्षद, उपमुख्य पार्षद, वार्ड पार्षद, विभिन्न बैंकों के अधिकारी तथा सोलर संयंत्र स्थापित करने वाली कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस दौरान नगर पंचायत कोढ़ा के मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना आम लोगों के लिए बेहद लाभकारी है। उन्होंने योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने, पात्र परिवारों को जल्द से जल्द लाभ दिलाने तथा बैंक और विद्युत विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अधिकाधिक लोग सोलर ऊर्जा अपनाकर बिजली बिल में बचत कर सकते हैं और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।
बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों और बैंक प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि योजना के तहत प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र लाभार्थियों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न हो। साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य कर योजना के लक्ष्य को सफल बनाने का निर्देश दिया।
Post a Comment