Top News

अंबेडकर आवासीय विद्यालय में मचा हड़कंप: भोजन के बाद 36 छात्राएं बीमार, दाल में गिरी छिपकली*


बिहार के मधेपुरा जिले के मुरलीगंज स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय में मंगलवार रात उस समय अफरातफरी मच गई, जब रात्रि भोजन करने के बाद करीब 36 छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई। किसी को तेज पेट दर्द, किसी को उल्टी तो कई छात्राओं को घबराहट और कमजोरी की शिकायत होने लगी। एक साथ बड़ी संख्या में छात्राओं के बीमार पड़ने की सूचना मिलते ही विद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में सभी छात्राओं को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मुरलीगंज पहुंचाया गया।

छात्राओं ने आरोप लगाया कि रात के भोजन में परोसी गई दाल में छिपकली गिर गई थी। भोजन करने के कुछ ही देर बाद कई छात्राओं की तबीयत बिगड़ने लगी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में बच्चियां बीमार पड़ गईं, जिससे विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही अस्पताल में भी देर रात तक चिकित्सकों की टीम इलाज में जुटी रही।

सीएचसी में आपातकालीन ड्यूटी पर तैनात डॉ. निशिकांत भारती ने तत्काल अतिरिक्त मेडिकल स्टाफ को बुलाकर उपचार शुरू कराया। उन्होंने बताया कि अधिकांश छात्राओं में डिहाइड्रेशन और कमजोरी के लक्षण पाए गए। 13 छात्राओं की स्थिति को देखते हुए उन्हें तत्काल सलाइन चढ़ाई गई। पूरी रात चले उपचार के बाद सभी छात्राओं की हालत में सुधार हुआ और देर रात करीब डेढ़ बजे उन्हें विद्यालय वापस भेज दिया गया।

बीमार छात्राओं में मीनाक्षी कुमारी ने बताया कि दाल में छिपकली होने के कारण भोजन करने वाली कई छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। इलाज कराने वालों में पिंकी कुमारी, अमृता कुमारी, रानी कुमारी, सोनिका सोनम, शिवानी कुमारी, पायल कुमारी, विजेता कुमारी, शबनम कुमारी, नेहा कुमारी, मधु कुमारी, सोनाक्षी कुमारी, सोनम कुमारी, काजल कुमारी, सरस्वती कुमारी, चंदा कुमारी, नैना कुमारी, नीलू कुमारी, आरती कुमारी, राधा कुमारी, सोनी कुमारी, मीनाक्षी कुमारी, मोनाली कुमारी, अनुपम कुमारी, आकृति कुमारी, ब्यूटी कुमारी, नयंसी प्रिया सहित अन्य छात्राएं शामिल हैं।

चिकित्सकों ने सभी छात्राओं का प्राथमिक उपचार कर आवश्यक दवाएं दीं। कुछ छात्राओं को निगरानी में रखकर सलाइन चढ़ाई गई। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल सभी छात्राओं की स्थिति सामान्य है और किसी की हालत चिंताजनक नहीं है।

इस घटना के बाद शिक्षा विभाग और जीविका की टीम भी सक्रिय हो गई है। प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी बबीता कुमारी ने बताया कि मंगलवार रात बच्चों के बीमार होने की सूचना मिलते ही सभी छात्राओं का तत्काल इलाज कराया गया। अब सभी की हालत सामान्य है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में भोजन की व्यवस्था जीविका के माध्यम से संचालित होती है। फूड पॉइजनिंग की आशंका को देखते हुए पूरे मामले की जांच कराई जाएगी।

वहीं, जीविका के बीपीएम रिशु अर्नेस्ट मशी ने कहा कि भोजन करने के बाद कुछ छात्राओं के बीमार होने की सूचना मिली है। सूचना मिलते ही वे विद्यालय पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post