Top News

महिलाओं पर बेहोशी का स्प्रे छिड़क 24 लाख की चोरी, CCTV में संदिग्ध कैद

:


शहर के पुराना खगड़ा स्थित सरकारी स्कूल के समीप रविवार देर रात चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। बेखौफ बदमाशों ने घर में मौजूद महिलाओं पर कथित रूप से बेहोश करने वाला स्प्रे छिड़ककर लाखों रुपये के जेवर और नकदी की चोरी कर ली। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

गृहस्वामी विजय देव ने बताया कि परिवार के अधिकांश सदस्य बारात में गए हुए थे, जबकि घर में केवल महिलाएं मौजूद थीं। इसी दौरान बदमाश घर में घुस आए और महिलाओं पर कथित तौर पर बेहोशी का स्प्रे छिड़क दिया। महिलाओं के अचेत होने के बाद अपराधियों ने अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए।

पीड़ित परिवार के अनुसार, चोरी में करीब 24 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और नकदी की क्षति हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। स्थानीय वार्ड प्रतिनिधि सफी अहमद ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि अपराधियों ने बेहद शातिराना तरीके से वारदात को अंजाम दिया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से शीघ्र आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिसमें एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया है। फुटेज के आधार पर उसकी पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post