Top News

लापरवाह पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई और बेहतर कार्य करने वालों को मिलेगा पुरस्कार


पुलिस सभागार में सोमवार को प्रभारी एसपी हरिमोहन शुक्ला की अध्यक्षता में जिले के दोनों एसडीपीओ, सभी थानाध्यक्षों एवं शाखा प्रभारियों के साथ क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन तथा अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।

प्रभारी एसपी ने स्पष्ट कहा कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले पुलिस पदाधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी, जबकि उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को अवैध लॉटरी, मादक पदार्थों एवं अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध लगातार अभियान चलाने, प्रतिदिन थाना क्षेत्र में स्वयं गश्त करने, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तथा लंबित वारंट, इश्तेहार और कुर्की के मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में बिहार सरकार एवं पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित ई-सम्मन पोर्टल, दर्पण पोर्टल, सीसीटीएनएस और ई-साक्ष्य एप का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। प्रत्येक थाना में सीसीटीएनएस प्रभारी नियुक्त करने तथा पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को तकनीकी एवं कंप्यूटर प्रशिक्षण देने के भी निर्देश दिए गए।

क्राइम मीटिंग में नेपाल सीमा पर अपराध नियंत्रण के लिए एसएसबी और किशनगंज पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, मानव तस्करी एवं देह व्यापार की रोकथाम के लिए प्रभावी आसूचना संकलन करने तथा मानव व्यापार निरोधक इकाई को सक्रिय रखने पर भी बल दिया गया।

प्रभारी एसपी ने 300 दिनों से अधिक पुराने लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन, न्यायालय से संबंधित मामलों में समय पर कांड दैनिकी उपलब्ध कराने तथा मुख्यमंत्री ई-डैशबोर्ड और सीपीग्राम पर लंबित आवेदनों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेहतर पुलिसिंग के लिए सभी अधिकारी पूरी जवाबदेही के साथ कार्य करें।

Post a Comment

Previous Post Next Post