ज्ञान बिंदु जीएस अकैडमी के संस्थापक रोशन आनंद के छोटे भाई प्रिंस यादव की नेपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत पर फारबिसगंज युवा संघ एवं छात्रों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि सभा आयोजित की। इस दौरान उपस्थित लोगों ने प्रिंस यादव को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध अविलंब कार्रवाई की मांग की।
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने घटना के पीछे संभावित साजिशकर्ताओं की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग उठाई। कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे फारबिसगंज युवा संघ के अध्यक्ष युवराज यादव ने कहा कि रोशन आनंद ने कोसी-सीमांचल क्षेत्र से निकलकर पटना में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है, लेकिन उन्हें भी विभिन्न चुनौतियों और विवादों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहाकि यदि संबंधित मामलों में समय रहते निष्पक्ष कार्रवाई हुई होती, तो आज ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती।
संघ के महासचिव अंजेश गुप्ता ने कहा कि रोशन आनंद से जुड़ा पूरा प्रकरण अब बिहार के छात्रों की अस्मिता का विषय बन गया है। उन्होंने मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि इससे सच्चाई सामने आएगी और दोषियों के हौसले पस्त होंगे।
फिजिकल अकादमी के अभिषेक ठाकुर ने भी घटना पर दुख व्यक्त करते हुए निष्पक्ष जांच की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि प्रिंस यादव की मौत के पीछे की सच्चाई सामने आनी चाहिए ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
कार्यक्रम में रौशन साह, सोनू नंदा, कृष्ण कुमार, भूषण गुप्ता, विशाल झा, रंजीत यादव, विशाल आनंद, धनंजय मंडल, गौरव पासवान, प्रीतम कुमार, सुजीत यादव, किशन मंडल, राजेश साह, अमित यादव, अंकित दास, राजीव यादव, मनीष, शिवानंद, प्रहलाद सरदार, सुभाष यादव, आलोक पासवान सहित बड़ी संख्या में छात्र एवं युवा उपस्थित थे।
Post a Comment