Top News

जनसंवाद में उठीं शहर की सुरक्षा, जलनिकासी और ट्रैफिक समस्याएं


शहर की सुरक्षा व्यवस्था और नगर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर रविवार शाम गोलबाजार स्थित भगत धर्मशाला में चैंबर ऑफ कॉमर्स के तत्वावधान में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, व्यवसायियों एवं स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्घाटन नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी अजय कुमार, थानाध्यक्ष नूरूल हक, मुख्य पार्षद सर्जना सिद्धि, चैंबर ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष शिवशंकर भगत, सचिव बिनोद बाफना एवं कोषाध्यक्ष सूरज जायसवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान चैंबर ऑफ कॉमर्स की ओर से अधिकारियों को सम्मानित भी किया गया।

जनसंवाद में व्यवसायियों और नागरिकों ने नगर की प्रमुख समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था को लेकर उठे सवालों पर ईओ अजय कुमार ने बताया कि नगर क्षेत्र में लगभग 60 कैमरे सक्रिय हैं तथा कंट्रोल रूम संचालित हो रहा है। खराब कैमरों को शीघ्र दुरुस्त कर शहर के प्रवेश और निकास मार्गों पर निगरानी व्यवस्था मजबूत की जाएगी। वार्ड-14 के धर्मेंद्र कुमार ने रेलवे ढाला के पास जलनिकासी की समस्या उठाई। ईओ ने बताया कि भू-गर्भीय नाला परियोजना का सर्वे पूरा हो चुका है तथा वार्ड 12 और 14 में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित करने के लिए डीपीआर भेजी जा चुकी है।

कचहरी परिसर में जलजमाव, सार्वजनिक शौचालय और पेयजल व्यवस्था की समस्याओं पर भी चर्चा हुई। वहीं वार्ड-5 के उपेंद्र कुमार ने नल-जल योजना के तहत नियमित जलापूर्ति नहीं होने की शिकायत की।

व्यवसायी संजय सुमन ने बढ़ती चेन स्नेचिंग और मोबाइल छिनतई की घटनाओं पर चिंता जताई, जिस पर थानाध्यक्ष नूरूल हक ने अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई का भरोसा दिया। राजीव जायसवाल ने ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार, जाम से निजात और प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की मांग उठाई, जिस पर प्रशासन ने आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने ऐसे जनसंवाद कार्यक्रमों को प्रशासन और आमजन के बीच बेहतर समन्वय की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

Post a Comment

Previous Post Next Post