Top News

चैंबर ऑफ कॉमर्स ने डीआरएम को सौंपा रेल सुविधाओं के विस्तार का मांग पत्र



पूर्व मध्य रेलवे समस्तीपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) ज्योति प्रकाश मिश्रा शनिवार को मुरलीगंज रेलवे स्टेशन पहुंचे। इस दौरान मुरलीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स के शिष्टमंडल ने उनसे मुलाकात कर क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर सात सूत्री मांग पत्र सौंपा प्रतिनिधिमंडल ने व्यापारियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों एवं आम यात्रियों की जरूरतों से जुड़ी मांगों को डीआरएम के समक्ष रखा। मांग पत्र में डेमू ट्रेनों का कटिहार तक विस्तार, पटना–पूर्णिया कोर्ट के बीच रात्रिकालीन नई एक्सप्रेस ट्रेन का परिचालन, हाटे-बाजारे एक्सप्रेस को पूर्णिया होकर प्रतिदिन चलाने, आनंद विहार–पूर्णिया कोर्ट स्पेशल को नियमित ट्रेन का दर्जा देने, मेमू ट्रेन के विस्तार, जनहित एक्सप्रेस को वाराणसी तक बढ़ाने तथा सहरसा–सिलीगुड़ी के बीच मुरलीगंज होकर नई एक्सप्रेस ट्रेन शुरू करने की मांग शामिल थी।
डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि अधिकांश मांगें रेलवे बोर्ड स्तर से स्वीकृति के दायरे में आती हैं और मुख्यालय स्तर पर इन पर सीधे निर्णय संभव नहीं है। हालांकि उन्होंने मांगों को आगे बढ़ाने तथा यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया। चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष शिवशंकर भगत ने बताया कि डीआरएम पूर्णिया कोर्ट के निरीक्षण के क्रम में जा रहे थे। पूर्व सूचना पर उनसे दूरभाष के माध्यम से संपर्क किया गया, जिसके बाद उन्होंने मुरलीगंज स्टेशन पर रुककर प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की।
चैंबर के सचिव बिनोद बाफना ने बताया कि मांग पत्र के अतिरिक्त स्टेशन परिसर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य यात्री सुविधाओं से संबंधित मुद्दे भी उठाए गए। इस पर डीआरएम ने स्टेशन क्षेत्र में रोशनी व्यवस्था को बेहतर बनाने का भरोसा दिया। मौके पर चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष शिवशंकर भगत, सचिव बिनोद बाफना, कोषाध्यक्ष सूरज जायसवाल, उपाध्यक्ष प्रणय साह, विनय चौधरी, सुबोध जायसवाल, गोपाल अग्रवाल, कन्हैया चौधरी, राजेंद्र भगत, ज्योतिष कुमार, चंदन सोनी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post