Top News

खरीफ महा अभियान में किसानों को जैविक व प्राकृतिक खेती अपनाने की दी गई सलाह


कुरसेला स्थित ई-कृषि भवन के सभागार में सोमवार को खरीफ महा अभियान सह प्रखंड स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड कृषि पदाधिकारी पिंटू कुमार ने की, जबकि संचालन कोऑर्डिनेटर सह उर्वरक इंस्पेक्टर रवि रंजन गौतम ने किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में एडी केमिस्ट्री इंद्रजीत कुमार, उप परियोजना निदेशक आत्मा शशिकांत झा, कृषि वैज्ञानिक पंकज कुमार एवं विनय कुमार ने किसानों को खरीफ फसलों की उन्नत खेती, जैविक खेती तथा प्राकृतिक खेती के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षकों ने किसानों से रासायनिक उर्वरकों के अंधाधुंध उपयोग से बचने तथा जैविक एवं प्राकृतिक खेती को अपनाने का आह्वान किया।
विशेषज्ञों ने किसानों को अपने खेतों की मिट्टी की नियमित जांच कराने और मृदा स्वास्थ्य कार्ड बनवाने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि मिट्टी जांच के माध्यम से खेत में मौजूद पोषक तत्वों की स्थिति का पता चलता है, जिससे केवल आवश्यक पोषक तत्वों की पूर्ति कर कम लागत में बेहतर उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है। इससे रासायनिक खादों पर होने वाला अनावश्यक खर्च भी कम होगा और मिट्टी की उर्वरता लंबे समय तक बनी रहेगी।
प्रखंड कृषि पदाधिकारी पिंटू कुमार ने बताया कि खरीफ महा अभियान के तहत आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में किसानों को जैविक खेती, प्राकृतिक खेती, उद्यान विकास, मृदा परीक्षण एवं कृषि की नई तकनीकों की जानकारी दी गई। साथ ही इन योजनाओं से मिलने वाले लाभों के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
कार्यक्रम में पूर्व प्रमुख अरुण मंडल, राजद प्रखंड अध्यक्ष अरुण साह, जदयू नेता सिंटू यादव, हलीम जांबाज, इरशाद मंसूरी, कृषक अरुण मंडल, राजकुमार शाह, प्रमोद महलदार, बीटीएम ओम कुमार, प्रखंड उद्यान पदाधिकारी अंशु कुमार, किसान सलाहकार मांगन यादव, विनीत कुमार, अनिता कुमारी, आरती कुमारी, कृषि सखी साक्षी कुमारी, डाटा ऑपरेटर नीतीश कुमार सहित कृषि विभाग के अधिकारी, कर्मी एवं दर्जनों किसान उपस्थित थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post