Top News

ट्रैक्टर-बाइक की टक्कर में युवक गंभीर रूप से घायल, ट्रैक्टर जब्त


कुरसेला थाना क्षेत्र के एसएच-77 सड़क पर प्रखंड मुख्यालय के समीप सोमवार को ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल के बीच हुई टक्कर में बाइक सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही कुरसेला पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कुरसेला में भर्ती कराया। घायल की पहचान बलथी महेशपुर निवासी ऋषि कुमार पासवान के 18 वर्षीय पुत्र मधुकर कुमार के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मधुकर कुमार अपने साथी सचिन पासवान के साथ बाइक से कुरसेला बाजार से कांटी लेकर अपने घर बलथी महेशपुर लौट रहा था। इसी दौरान तीनटेंगा दीरा झल्लू दास टोला निवासी चालक डब्लू मंडल मक्का खाली कर ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर गिट्टी लोड करने जा रहा था। प्रखंड मुख्यालय के समीप अचानक ट्रैक्टर को सड़क पर मोड़ने के दौरान बाइक उसकी चपेट में आ गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक चालक मधुकर कुमार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि पीछे बैठे सचिन पासवान को हल्की चोटें आईं। दोनों घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार किया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को खतरे से बाहर बताया है।
घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन कुरसेला पुलिस ने पीछा कर महेशपुर चौक के समीप ट्रैक्टर को पकड़ लिया और थाना ले आई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रैक्टर दोनों को जब्त कर लिया है तथा मामले की जांच में जुट गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post