Top News

विद्यालय खुलने से पहले बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क


20 जून से विद्यालय खुलने के मद्देनजर छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कोलासी पुलिस शिविर में प्रशासनिक अधिकारियों और ग्रामीणों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में कोढ़ा सदर डीएसपी-2 सुनील कुमार शर्मा, ट्रैफिक इंस्पेक्टर मुकेश कुमार मंडल, शिविर प्रभारी श्रवण कुमार सहित स्थानीय लोग मौजूद रहे।

ग्रामीणों ने बताया कि कटिहार शहर में दिन के समय लागू नो-एंट्री के कारण बड़ी संख्या में ट्रक और अन्य भारी वाहन कोलासी-मधुरा मार्ग से गुजर रहे हैं। यह सड़क कई गांवों और आबादी वाले क्षेत्रों से होकर जाती है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं विद्यालय आते-जाते हैं। ऐसे में दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

बैठक में विद्यालय समय के दौरान भारी वाहनों के परिचालन पर नियंत्रण, गति सीमा तय करने, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने पर चर्चा हुई। ग्रामीणों ने हाजीपुर स्थित नो-एंट्री प्वाइंट को बढ़ाकर दिघरी चौक तक करने की मांग भी रखी।

डीएसपी सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रशासन सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार करेगा। वहीं ट्रैफिक इंस्पेक्टर मुकेश कुमार मंडल ने सड़क सुरक्षा नियमों के कड़ाई से पालन की बात कही।
बैठक में विद्यालय खुलने से पहले सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा दुर्घटनाओं की आशंका कम करने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर सहमति बनी।

Post a Comment

Previous Post Next Post