कटिहार के विकास भवन सभागार में सांसद तारिक अनवर की अध्यक्षता में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में कोढ़ा नगर पंचायत की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। बैठक में जिला पदाधिकारी, विधायकगण, महापौर, जिला परिषद अध्यक्ष, विभिन्न नगर निकायों के मुख्य पार्षद, प्रखंड प्रमुख तथा दिशा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान कोढ़ा नगर पंचायत के मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह ने नगर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं एवं विकास संबंधी मांगों को लेकर संबंधित विभागों को लिखित आवेदन सौंपा। उन्होंने विशेष रूप से गेड़ाबाड़ी बाजार स्थित वार्ड संख्या-5 के बिजली आपूर्ति क्षेत्र को बाजार फीडर से जोड़ने की मांग उठाई। उनका कहना था कि वर्तमान व्यवस्था के कारण उपभोक्ताओं और व्यवसायियों को नियमित विद्युत आपूर्ति नहीं मिल पा रही है, जिससे व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित होती हैं।
मुख्य पार्षद ने वार्ड संख्या-7 स्थित दादपुर-गोरगामा महादलित टोला को भी बाजार फीडर से जोड़ने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के लोगों को बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने की समस्या का सामना करना पड़ता है। बाजार फीडर से जोड़ने पर क्षेत्रवासियों को बेहतर और निर्बाध बिजली सेवा उपलब्ध हो सकेगी।
इसके अलावा उन्होंने नगर पंचायत के समग्र विकास, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार तथा आम जनता की समस्याओं के समाधान से जुड़े कई अन्य मुद्दे भी बैठक में रखे। मुख्य पार्षद ने उम्मीद जताई कि दिशा समिति के माध्यम से संबंधित विभाग इन मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र कार्रवाई करेंगे, जिससे नगर पंचायत क्षेत्र के लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिल सकेगा।
Post a Comment