Top News

सुख5 विशाल पेड़ घर पर गिरा, नौ सदस्य बाल-बाल बचे, वन विभाग पर आरोप



पोठिया प्रखंड की कस्बाकलियागंज पंचायत के कौवाबाड़ी गांव में बुधवार देर रात एक विशाल कटहल का पेड़ अचानक गिर जाने से अफरा-तफरी मच गई। पेड़ सड़क किनारे स्थित निताई बसाक के टीन निर्मित कच्चे मकान पर गिर गया। उस समय घर में निताई बसाक समेत कुल नौ लोग सो रहे थे। सौभाग्यवश पेड़ की बड़ी टहनी मकान के कोने पर गिरी, जिससे परिवार के सभी सदस्य बाल-बाल बच गए। हालांकि हादसे में मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

ग्रामीणों के अनुसार, बिना आंधी-बारिश के अचानक पेड़ गिरने से लोग दहशत में आ गए। घटना की सूचना वन विभाग को दी गई, लेकिन दो दिन बीत जाने के बाद भी विभाग का कोई अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा है। इससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। पेड़ अभी भी निताई बसाक के घर और आंगन में पड़ा हुआ है, जिसके कारण परिवार के लोगों को घर से मुख्य सड़क तक आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

घटना की जानकारी मिलते ही अंचल अधिकारी मोहित राज ने राजस्व कर्मचारी मो. इदरीस को मौके पर भेजकर जांच रिपोर्ट मांगी। साथ ही पीड़ित परिवार को तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई। सीओ मोहित राज ने बताया कि सरकारी सहायता राशि दिलाने के लिए पीड़ित का आवेदन अनुमंडल पदाधिकारी को भेजा जाएगा। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी विशाल राज से मामले में हस्तक्षेप कर वन विभाग की कार्यशैली की जांच कराने और शीघ्र पेड़ हटाने की मांग की है। वहीं, पीडब्ल्यूडी सड़क किनारे स्थित यह विशाल वृक्ष दो दिनों से गिरा रहने और विभागीय उदासीनता के कारण लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post